योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : उनियाल

योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : उनियाल

देहरादून। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने शुक्रवार को राज्य वन मुख्यालय में वन विभाग की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध वन संपदा का संरक्षण और संवर्धन राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

समीक्षा बैठक में वन संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष, जैव विविधता संरक्षण, वनीकरण, प्राकृतिक पुनर्वनीकरण, वनाग्नि प्रबंधन तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। वन मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई की जाए। आधुनिक तकनीक का उपयोग बढ़ाने के साथ स्थानीय समुदायों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि इस चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

उन्होंने वनीकरण एवं प्राकृतिक पुनर्वनीकरण के कार्यों में तेजी लाने तथा वनाग्नि की रोकथाम के लिए मजबूत और प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सुबोध उनियाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता का संवर्धन केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है।

राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और भावी पीढ़ियों के लिए हरित एवं समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है। बैठक में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना पर मंत्री को विस्तार से जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here