भाजपा राज में ‘मछलियां अंदर, मगरमच्छ बाहर’ : गोदियाल

भाजपा राज में ‘मछलियां अंदर, मगरमच्छ बाहर’ : गोदियाल



देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए कांग्रेस ने प्रदेशभर में जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने का फैसला किया है। पार्टी 28 जून से ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ की शुरुआत करेगी। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी।

प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से जनता परेशान है। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और जनता को जागरूक करने के लिए कांग्रेस ने ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ शुरू करने का निर्णय लिया है। आगामी चरण में देहरादून, विकासनगर, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर सहित मैदानी क्षेत्रों के लिए भी अलग कार्यक्रम घोषित किए जाएंगे।

भ्रष्टाचार के मामलों में हो रही कार्रवाई पर टिप्पणी करते हुए गोदियाल ने कहा कि केवल छोटे अधिकारियों और कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, जो छोटी मछलियां अंदर हैं, उन्हें अपनी जुबान खोलनी चाहिए और बताना चाहिए कि बड़े मगरमच्छ कौन हैं। गोदियाल ने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार की वास्तविकता जनता तक पहुंचाने में मीडिया की बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सत्ता पक्ष को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। जनता सरकार से जवाब मांग रही है, विपक्ष से नहीं। पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर व सुनीत राठौर आदि उपस्थित रहे।







LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here