भाजपा महिला नेताओं पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोपी गिरफ्तार

भाजपा महिला नेताओं पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोपी गिरफ्तार



देहरादून। राहुल गांधी के देहरादून में छात्रों की गूंज कार्यक्रम के बाद फेसबुक पर भाजपा महिला नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी मामला गरमा गया है। मामले में महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने डालनवाला थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कोतवाली डालनवाला प्रभारी नरेंद्र गहलावत ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों की तहरीर आने के बाद आरोपी राजेंद्र सिंह रावत को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा। बता दें बीते रोज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला नेताओं के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया।

इस मामले को गंभीर बताते हुए भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने देहरादून के डालनवाला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। महिला नेताओं का कहना है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होना जरूरी है।

भाजपा महिला नेताओं के अनुसार, शनिवार सुबह उन्होंने जब अपना फेसबुक अकाउंट खोला तो ‘राजेंद्र उत्तराखंडी’ नाम से संचालित एक फेसबुक प्रोफाइल पर महिलाओं, विशेषकर भाजपा से जुड़ी महिला नेताओं के खिलाफ बेहद अशोभनीय और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने स्क्रीनशॉट के माध्यम से इस सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें महिला नेताओं के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया।

भाजपा नेत्री बबीता सहोत्रा ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द इतने आपत्तिजनक हैं कि उन्हें सार्वजनिक रूप से दोहराया भी नहीं जा सकता। उनका कहना था कि महिला चाहे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ी हो, उसका सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। सोशल मीडिया के जरिए इस तरह की अभद्रता समाज में गलत संदेश देती है।







LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here