- उत्तराखंड में संगठन की मजबूती पर जोर देने को कहा
- दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई अहम बैठक
- 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर किया व्यापक मंथन
नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, जनहित से जुड़े मुद्दों, संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर सुझाव और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई इस बैठक में कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा भी मौजूद रहीं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भी बैठक में हिस्सा लिया। सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे।
आज नई दिल्ली स्थित माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @kharge जी के आवास, 10 राजाजी मार्ग पर माननीय नेता प्रतिपक्ष श्री @RahulGandhi जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी एवं राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) श्री @kcvenugopalmp जी की उपस्थिति में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश प्रभारी माननीय @Kumari_Selja जी के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में प्रदेश सह प्रभारी @INCSurender जी, प्रदेश सह प्रभारी @ManojYadavINC जी, माननीय प्रदेश अध्यक्ष @UKGaneshGodiyal जी, नेता प्रतिपक्ष @IamYashpalArya जी, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक चकराता @incpritamsingh जी, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष @drhsrawatuk जी उपस्थित रहे। (1/2)
— Uttarakhand Congress (@INCUttarakhand) November 2, 2026
उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी के मुताबिक, बैठक में प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य का आकलन करते हुए आगामी चुनाव की चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की गई। विशेष रूप से संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में पार्टी की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक का अहम पहलू यह रहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने आगामी चुनाव को केवल राजनीतिक मुकाबले के रूप में नहीं, बल्कि संगठन की मजबूती और जनता के बीच पार्टी की विश्वसनीयता बढ़ाने के अवसर के रूप में देखने पर जोर दिया। प्रदेश के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और सामूहिक नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
प्रियंका गांधी से भी मिले उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
दिल्ली में राजनीतिक बैठकों के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस महासचिव एवं वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, प्रदेश की जनसमस्याओं और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
प्रियंका गांधी के साथ हुई मुलाकात को भी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व प्रदेश के राजनीतिक हालात और संगठन की गतिविधियों पर लगातार संवाद कर रहा है। लगातार हुई इन मुलाकातों से साफ है कि पार्टी आगामी चुनाव से पहले उत्तराखंड में अपनी रणनीति, संगठनात्मक एकजुटता और जनसंपर्क अभियान को धार देने की दिशा में सक्रिय है।




