पुलिस कंट्रोल रूम में वायरलेस सेट न होने पर मंत्री खफा

पुलिस कंट्रोल रूम में वायरलेस सेट न होने पर मंत्री खफा

ऋषिकेश। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के पंजीकरण को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महाराज ने शनिवार को अचानक चारधाम यात्रियों के पंजीकरण के लिए बने ऋषिकेश बस टर्मिनल के समीप स्थित सबसे बड़े ट्रांजिट कैंप और जांच केंद्र पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में वायरलेस सेट न होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल से दूरभाष पर बात कर उन्हें तत्काल वायरलेस सेट मशीन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां स्थित यात्री विश्राम कैम्पों में जाकर यात्रियों से भी बातचीत की।

महाराज ने कहा कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी वैसे-वैसे यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होगा इसलिए हमें अभी से तैयार रहने की आवश्यकता है। ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के खानपान, आराम और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

उन्होंने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अनुरोध करते हुए कहा कि उत्तराखंड देवी-देवताओं की पवित्र भूमि है। इसलिए इस बात का प्राथमिकता से ध्यान रखें कि यात्रा के दौरान कहीं भी प्लास्टिक, कचरा और शोर-शराबा न हो। धामों को साफ-सुथरा रखना ही सबसे बड़ी पूजा है। सेवा कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला प्रशासन से उन्होंने कहा है कि यात्री हमारे अतिथि हैं इसलिए उनके साथ हमेशा मधुर व्यवहार रखें।

उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में सीधे धाम न पहुंचें। हरिद्वार, ऋषिकेश, देवप्रयाग, जोशीमठ आदि स्थानों पर 1 दिन अवश्य रुकें। शरीर को ऊंचाई का आदी होने दें। चारधाम यात्रा हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। श्रद्धालु नियम मानें, कर्मचारी सेवा करें, व्यापारी ईमानदारी बरतें तभी चारधाम यात्रा सफल होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here